bokaro

Bokaro News: सुरक्षा और उत्पीड़न के खिलाफ सड़कों पर उतरे Rapido Riders, डीसी को सौंपा ज्ञापन

बोकारो: शहर में रैपिडो राइडर्स ने अपनी सुरक्षा और रोजगार से जुड़े मुद्दों को लेकर आवाज बुलंद की है। मंगलवार को सैकड़ों Rapido Captains ने बाइक रैली निकालकर समाहरणालय पहुंचकर उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा। राइडर्स ने बोकारो रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षित कार्य वातावरण सुनिश्चित करने तथा असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

रैपिडो राइडर्स का कहना है कि वे ईमानदारी से काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं, लेकिन स्टेशन क्षेत्र में उन्हें लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि कुछ ऑटो चालकों और उनसे जुड़े लोगों द्वारा राइडर्स को यात्रियों को लेने से रोका जाता है, जिससे उनके कामकाज पर असर पड़ रहा है।

राइडर्स ने दावा किया कि कई बार उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया है। कुछ मामलों में बाइक की चाबी छीन लेने, गाली-गलौज करने और मारपीट की धमकी देने जैसी घटनाएं भी सामने आई हैं। उनका कहना है कि ऐसे माहौल में काम करना मुश्किल हो गया है और वे खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

रैली में शामिल कई राइडर्स ने कहा कि वे केवल अपनी आजीविका कमाने के लिए काम कर रहे हैं और प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई की उम्मीद रखते हैं। ज्ञापन की प्रतिलिपि पुलिस अधीक्षक और रेलवे स्टेशन प्रबंधन को भी भेजी गई है।

रैपिडो राइडर्स ने मांग की है कि स्टेशन क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए और दोषी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। अब सभी की निगाहें प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हैं। राइडर्स को उम्मीद है कि जल्द ही सकारात्मक पहल होगी, जिससे वे बिना किसी डर और बाधा के अपना रोजगार जारी रख सकेंगे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET LATEST NEWS DELIVERED DAILY!

Subscribe now and stay updated with the latest news from Jharkhand.