RANCHI

Jamshedpur News: जेम्को बाजार में युवक पर जानलेवा हमला, 20 से 25 लोगों ने घेरकर किया वार; हालत गंभीर

जमशेदपुर: शहर के टेल्को थाना क्षेत्र स्थित जेम्को बाजार में शनिवार रात एक युवक पर हुए जानलेवा हमले से इलाके में सनसनी फैल गई। हमले में मछुआ बस्ती निवासी कृष्णा मछुआ गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कृष्णा शनिवार रात जेम्को बाजार में नाश्ता करने पहुंचा था। इसी दौरान करीब 20 से 25 लोगों का एक समूह वहां आया और उस पर अचानक हमला बोल दिया। आरोप है कि हमलावरों ने धारदार हथियारों के साथ-साथ लाठी-डंडों का भी इस्तेमाल किया। अचानक हुई इस वारदात से बाजार में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी सुरक्षा के लिए इधर-उधर भागने लगे।

स्थानीय लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए बीच-बचाव किया, जिसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि हमला बेहद सुनियोजित लग रहा था और हमलावर सीधे कृष्णा को निशाना बना रहे थे।

परिजनों के अनुसार, कृष्णा एक हत्या के मामले में जेल में बंद था और करीब चार महीने पहले ही जमानत पर रिहा हुआ था। वह गांव में रह रहा था, लेकिन कोर्ट में पेशी के सिलसिले में शुक्रवार को जमशेदपुर आया था। आरोप है कि शनिवार शाम पड़ोस के ही एक युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर उस पर हमला कर दिया।

परिवार का कहना है कि पड़ोसियों के साथ पुरानी रंजिश लंबे समय से चल रही थी और इसी विवाद के चलते यह घटना हुई है। वहीं, टेल्को थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हमलावरों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

फिलहाल कृष्णा मछुआ का इलाज एमजीएम अस्पताल में जारी है। इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है, जबकि पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET LATEST NEWS DELIVERED DAILY!

Subscribe now and stay updated with the latest news from Jharkhand.