जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित नामदा बस्ती में मंगलवार रात कथित फायरिंग की सूचना से इलाके में सनसनी फैल गई। मामले में अमन सिंह नामक युवक ने अपने पड़ोसी वीर सिंह उर्फ पंडित के खिलाफ थाना में लिखित शिकायत देकर जान से मारने की नीयत से गोली चलाने का आरोप लगाया है।
दिए गए आवेदन के अनुसार, अमन सिंह ने बताया कि उसका भाई विक्की सिंह नशापान और गलत संगत की ओर बढ़ गया है। अमन का आरोप है कि पड़ोसी वीर सिंह उर्फ पंडित उसके भाई को गलत आदतों की ओर ले जा रहा था। इसी बात को लेकर उसने दोनों को साथ नहीं रहने की चेतावनी दी थी।
शिकायत में कहा गया है कि 26 मई की शाम करीब 8:15 बजे आरोपी मोटरसाइकिल से उसके घर पहुंचा। उस समय उसकी मां राज कौर घर के बाहर बैठी थीं। आरोप है कि आरोपी ने कथित तौर पर पिस्टल निकालकर उनकी ओर दो राउंड फायरिंग की। हालांकि घटना में कोई घायल नहीं हुआ।
सूचना मिलने पर गोलमुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और सभी तथ्यों की पुष्टि के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।



