JAMSHEDPUR

Jamshedpur News: सूर्य मंदिर की जलाभिषेक यात्रा में 15 हजार तक श्रद्धालु होंगे शामिल, काशी की तर्ज पर महाआरती

जमशेदपुर के सिदगोड़ा सूर्य मंदिर में 17 अगस्त को तृतीय सोमवारी पर सामूहिक जलाभिषेक यात्रा होगी। मंदिर समिति के अनुसार, यात्रा में 11 से 15 हजार श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

17 अगस्त को निकलेगी भव्य जलाभिषेक यात्रा

सिदगोड़ा सूर्य मंदिर समिति की ओर से तृतीय सोमवारी के अवसर पर 17 अगस्त को सामूहिक जलाभिषेक यात्रा आयोजित की जाएगी। आयोजन को भव्य और ऐतिहासिक बनाने के लिए मंदिर समिति ने व्यापक तैयारियां की हैं।

गुरुवार को भालुबासा स्थित एक होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में समिति के पदाधिकारियों ने तैयारियों की जानकारी दी। समिति के अनुसार, इस वर्ष यात्रा में 11 से 15 हजार महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

श्रद्धालु सोमवार सुबह 7 बजे बारीडीह हरि मंदिर मैदान में एकत्रित होंगे। यहां सुल्तानगंज की उत्तरवाहिनी गंगा के पवित्र गंगाजल से संकल्प और पूजन के बाद श्रद्धालु कतारबद्ध होकर सूर्य मंदिर शिवालय के लिए रवाना होंगे।

यात्रा में भक्तिमय संगीत, आकर्षक झांकियां, भजन मंडली की प्रस्तुति और पुष्पवर्षा आकर्षण का केंद्र रहेंगी। समिति के मुख्य संरक्षक एवं पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, विधायक पूर्णिमा साहू समेत शहर के अन्य लोगों के शामिल होने की बात कही गई है।

200 से अधिक सूर्यधाम सेवक संभालेंगे व्यवस्था

यात्रा के मार्ग में तोरण द्वार बनाए गए हैं और शहर के प्रमुख गोलचक्करों समेत पूरे रास्ते को केसरिया ध्वज से सजाया जा रहा है। आपात स्थिति से निपटने के लिए दो एंबुलेंस और मेडिकल टीम की व्यवस्था रहेगी।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बाबा बैद्यनाथ धाम की तर्ज पर अरघा के माध्यम से जलार्पण की व्यवस्था की जाएगी। यातायात नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सहायता के लिए 200 से अधिक सूर्यधाम सेवक सक्रिय रहेंगे।

जलार्पण के बाद सोन मंडप परिसर में महाप्रसाद वितरण किया जाएगा। इसके लिए 20 प्रसाद और 15 पानी के काउंटर लगाए जाएंगे। मंदिर परिसर में विद्युत और पुष्प सज्जा भी की जा रही है।

काशी की तर्ज पर होगी महाआरती

तृतीय सोमवारी की शाम सूर्य मंदिर परिसर के छठ घाट तालाब पर काशी के गंगा घाट की तर्ज पर शिवालय की भव्य महाआरती आयोजित की जाएगी।

समिति के अनुसार, वाराणसी से 11 सदस्यीय प्रशिक्षित मंडली पारंपरिक वाद्ययंत्रों, शंखध्वनि, दीपमालाओं और मंत्रोच्चार के साथ महाआरती संपन्न कराएगी। इस दौरान आतिशबाजी भी की जाएगी।

समिति ने श्रद्धालुओं से परिवार सहित अधिक से अधिक संख्या में जलाभिषेक यात्रा और महाआरती में शामिल होने की अपील की है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET LATEST NEWS DELIVERED DAILY!

Subscribe now and stay updated with the latest news from Jharkhand.