जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह हुई फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। बदमाशों द्वारा एक घर को निशाना बनाकर की गई गोलीबारी के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, अपराधियों ने गोलमुरी निवासी राजकुमार शाह के घर के बाहर करीब तीन राउंड फायरिंग की और मौके से फरार हो गए।
पीड़ित राजकुमार शाह ने बताया कि मंगलवार देर रात करीब 12:15 बजे उन्हें कुंडी नामक व्यक्ति का फोन आया था। आरोप है कि फोन पर उनसे 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई। साथ ही रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। राजकुमार शाह के अनुसार, धमकी मिलने के कुछ घंटों बाद ही उनके घर के बाहर गोलीबारी की घटना हुई, जिससे परिवार के लोग डर गए और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही जमशेदपुर पुलिस और गोलमुरी थाना की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से गोली के खोखे बरामद किए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इलाके में आने-जाने वाले संदिग्ध लोगों की पहचान की जा रही है। मामले को रंगदारी और आपराधिक धमकी से जोड़कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह-सुबह हुई फायरिंग की आवाज से पूरे इलाके में डर का माहौल बन गया। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। अधिकारियों ने दावा किया है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।



