सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में अवैध गोवंशीय पशुओं के कारोबार के खिलाफ प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ा अभियान चलाया. गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया और अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में अफरा-तफरी का माहौल देखा गया.
जानकारी के अनुसार प्रशासन को इनपुट मिला था कि कपाली के कुछ रिहायशी इलाकों और गुप्त ठिकानों पर बड़ी संख्या में गोवंशीय पशुओं को अवैध तरीके से रखा गया है. सूचना की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने तुरंत विशेष टीम का गठन किया और देर रात छापेमारी अभियान शुरू किया गया.
अभियान में पुलिस और प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल रहे. पूरी कार्रवाई की निगरानी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अंचल के दंडाधिकारी, पुलिस इंस्पेक्टर और स्थानीय थाना प्रभारी द्वारा की गई. इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल भी तैनात किया गया था.
संयुक्त टीम ने कई संदिग्ध ठिकानों को चारों तरफ से घेरकर तलाशी अभियान चलाया. अधिकारियों ने अलग-अलग स्थानों पर गहन जांच की और कई अहम जानकारियां जुटाई हैं. हालांकि प्रशासन ने अभी बरामदगी और हिरासत से जुड़ी आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है.
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि जिले में अवैध पशु कारोबार को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
कपाली में हुई इस बड़ी कार्रवाई के बाद प्रशासन अब पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से इलाके में इस तरह की गतिविधियों की शिकायत मिल रही थी. फिलहाल पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और आगे भी अभियान जारी रहने की संभावना है।
Kapali Trade Raid: कपाली में अवैध गोवंश कारोबार पर बड़ी कार्रवाई, कई ठिकानों पर प्रशासन की दबिश



