INDIA

Jamshedpur Rail Update :
टाटा-खड़गपुर रेलखंड पर बड़ी तैयारी, सितंबर-अक्टूबर तक पूरी होगी थर्ड लाइन परियोजना

जमशेदपुर: दक्षिण पूर्व रेलवे ने टाटा-खड़गपुर रेलखंड पर ट्रेनों की लेटलतीफी कम करने और बढ़ते रेल ट्रैफिक को संभालने के लिए कई अहम परियोजनाओं की रफ्तार तेज कर दी है। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक सालगाझुड़ी से आदित्यपुर के बीच बन रही थर्ड लाइन परियोजना इस साल सितंबर-अक्टूबर तक पूरी हो सकती है। इसके शुरू होते ही इस रूट पर ट्रेन संचालन पहले की तुलना में काफी बेहतर होने की उम्मीद है।

दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार जैन ने जमशेदपुर में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि मौजूदा समय में मेन लाइन और लूप लाइन की कमी के कारण कई ट्रेनों को रुकना पड़ता है। खासकर चांडिल-कांड्रा सेक्शन में यात्रियों को लगातार देरी का सामना करना पड़ रहा था। हालांकि हाल के दिनों में स्थिति में सुधार हुआ है और अधिकांश ट्रेनें अब 20 मिनट से ज्यादा लेट नहीं चल रहीं।

उन्होंने बताया कि टाटानगर स्टेशन पर यात्री ट्रेनों के साथ-साथ मालगाड़ियों का दबाव भी तेजी से बढ़ा है। यह इलाका आयरन ओर और स्टील इंडस्ट्री का बड़ा केंद्र है, जहां से टाटा स्टील, सेल और दूसरी कंपनियों की मालगाड़ियां संचालित होती हैं। रेलवे ने साफ किया कि यात्री ट्रेनों को रोककर मालगाड़ियों को प्राथमिकता देने जैसी बात सही नहीं है।

रेलवे अब टाटानगर और हाता के बीच एक सैटेलाइट सेंटर विकसित करने की तैयारी में है। यहां लंबे समय तक खड़ी रहने वाली ट्रेनों को शिफ्ट किया जाएगा ताकि मुख्य स्टेशन पर दबाव कम हो सके। इसके अलावा कई स्टेशनों पर नई लूप लाइन विकसित करने की योजना भी बनाई गई है।

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत घाटशिला स्टेशन का आधुनिकीकरण दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। रेलवे बोर्ड को गीतांजली एक्सप्रेस, मुंबई मेल और लालमाटी एक्सप्रेस के ठहराव का प्रस्ताव भी भेजा गया है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से झारखंड और आसपास के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET LATEST NEWS DELIVERED DAILY!

Subscribe now and stay updated with the latest news from Jharkhand.