Money Fraud Threat रांची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र में एक कारोबारी से 30 लाख रुपये की कथित ठगी और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने पीड़ित व्यवसायी की शिकायत पर तीन आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक हरमू स्थित विद्यानगर कॉलोनी निवासी व्यवसायी रामाशीष कुमार ने आरोप लगाया है कि अगस्त 2025 में देहरादून निवासी पंकज रावत ने उनसे संपर्क किया था। पंकज ने अपने मालिक मुंबई निवासी आयुष योगराज नाकरा के लिए पैसों की जरूरत बताई और भरोसा जीतने के लिए कई एग्रीमेंट व ऑथराइजेशन से जुड़े दस्तावेज भी दिखाए। पुराने परिचय और अच्छे संबंधों के कारण व्यवसायी ने उस पर भरोसा कर लिया।
शिकायत के अनुसार 21 अगस्त 2025 को बरियातू रोड स्थित एक होटल में रामाशीष कुमार की मुलाकात आयुष योगराज नाकरा से कराई गई। अगले दिन दोनों पक्षों के बीच एग्रीमेंट तैयार हुआ और आईसीआईसीआई बैंक के तीन पोस्ट डेटेड चेक दिए गए। इसके बाद व्यवसायी ने परिवार और परिचितों से पैसे जुटाकर 30 लाख रुपये नकद सौंप दिए।
पीड़ित का आरोप है कि फरवरी 2026 में चेक जमा करने की तारीख नजदीक आते ही आरोपियों ने दबाव बनाना शुरू कर दिया कि चेक बैंक में न लगाए जाएं। इसी दौरान योगेश दुआ भी उनके घर पहुंचा और चेक जमा नहीं करने की बात कही।
रामाशीष कुमार ने यह भी आरोप लगाया कि 9 और 10 फरवरी को तीनों आरोपी उनके घर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने पूरे मामले को पहले से रची गई साजिश बताया है।
सुखदेवनगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने रांची में कारोबारी सुरक्षा और आर्थिक धोखाधड़ी को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
Ranchi Fraud Case : रांची में कारोबारी से 30 लाख की ठगी, जान से मारने की धमकी का आरोप



