रांची: Jharkhand Protest News के बीच राज्य में 29 मई को बड़ा छात्र आंदोलन देखने को मिल सकता है. विभिन्न छात्र और युवा संगठनों ने शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर राजव्यापी चक्का जाम का ऐलान किया है. इस आंदोलन का असर राजधानी रांची समेत कई जिलों में देखने को मिलने की संभावना है. प्रदर्शन को लेकर प्रशासन भी अलर्ट मोड में आ गया है.
जानकारी के मुताबिक आंदोलन का नेतृत्व आइसा यानी ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन कर रही है. इसके साथ आरवाईए और कई सामाजिक व युवा संगठन भी इस विरोध प्रदर्शन में शामिल होंगे. संगठनों का आरोप है कि राज्य में लागू किए जा रहे क्लस्टर सिस्टम से कॉलेजों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, जबकि NET पेपर लीक और उत्तर पुस्तिकाओं की जांच में कथित गड़बड़ियों ने छात्रों का भरोसा कमजोर किया है.
प्रदर्शनकारियों ने कहा है कि सरकार लगातार छात्रों के मुद्दों को नजरअंदाज कर रही है. इसी के विरोध में सड़क जाम कर सरकार तक अपनी आवाज पहुंचाई जाएगी. रांची, धनबाद, गिरिडीह, बोकारो, रामगढ़, पलामू, गढ़वा, लातेहार, हजारीबाग, देवघर, चतरा और जमशेदपुर समेत कई जिलों में प्रदर्शन की तैयारी तेज कर दी गई है.
राजधानी रांची में मुख्य प्रदर्शन सुबह 11 बजे अल्बर्ट एक्का चौक पर होगा. यहां बड़ी संख्या में छात्र संगठनों के कार्यकर्ताओं के जुटने की उम्मीद है. ट्रैफिक व्यवस्था को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने अतिरिक्त निगरानी शुरू कर दी है. एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जा रही है.
छात्र संगठनों का कहना है कि यह आंदोलन केवल विरोध नहीं बल्कि छात्रों के भविष्य की लड़ाई है. अब सबकी नजर राज्य सरकार की प्रतिक्रिया पर टिकी है कि वह इन मांगों पर क्या कदम उठाती है.
Jharkhand Student Protest : झारखंड में 29 मई को राजव्यापी चक्का जाम, शिक्षा व्यवस्था के खिलाफ सड़कों पर उतरेंगे छात्र



