JHARKHAND

Chatra News : चतरा में 15 लाख का ब्राउन शुगर बरामद, ‘उड़ता चतरा’ बनाने की साजिश नाकाम

झारखंड के चतरा जिले में नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इटखोरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक ड्रग्स तस्कर को गिरफ्तार कर उसके पास से करीब 15 लाख रुपये मूल्य का ब्राउन शुगर बरामद किया है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने दावा किया है कि जिले को “उड़ता चतरा” बनाने की बड़ी साजिश को समय रहते नाकाम कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी को गुप्त सूचना मिली थी कि इटखोरी थाना क्षेत्र के चतरा रोड स्थित भुरकुंडा जंगल मैदान में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री होने वाली है। सूचना मिलते ही डीएसपी मुख्यालय सुनील कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।

पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर इलाके की घेराबंदी की और एक संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से काले रंग के प्लास्टिक में रखा 30.31 ग्राम संदिग्ध ब्राउन शुगर बरामद किया गया। साथ ही एक कीपैड मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है, जिसका इस्तेमाल कथित तौर पर ड्रग्स नेटवर्क से संपर्क के लिए किया जा रहा था।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान गिद्धौर थाना क्षेत्र के मायाडीह गांव निवासी अशोक पासवान के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ इटखोरी थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि बरामद ड्रग्स कहां से लाई गई थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।

डीएसपी सुनील कुमार सिंह ने कहा कि जिले में नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने साफ कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस अब सिर्फ गिरफ्तारी ही नहीं, बल्कि अवैध कमाई से अर्जित संपत्तियों को जब्त करने की कार्रवाई भी करेगी।

इस छापेमारी अभियान में इटखोरी थाना प्रभारी अभिषेक कुमार सिंह, एएसआई राजेश राम, चालक रविकांत सिंह और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में ड्रग्स तस्करी के खिलाफ बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET LATEST NEWS DELIVERED DAILY!

Subscribe now and stay updated with the latest news from Jharkhand.