जमशेदपुर: शहर के सोनारी थाना क्षेत्र स्थित कुंजनगर के अंबेडकर पथ, धोबी लाइन में शनिवार रात अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग संतोष कुमार के मकान की चौथी मंजिल पर बने एक कमरे में लगी, जिससे घर में रखा लाखों रुपये मूल्य का सामान जलकर नष्ट हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और सभी सदस्य सुरक्षित बाहर निकल आए।
जानकारी के अनुसार शनिवार रात करीब 10 से 10:30 बजे के बीच परिवार के लोगों ने घर के मंदिर में पूजा के लिए दीया जलाया था। शुरुआती आशंका है कि दीपक से निकली चिंगारी के कारण आग लगी और धीरे-धीरे पूरे कमरे में फैल गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक सबसे पहले कमरे में रखे फ्रिज से धुआं और आग की लपटें उठती दिखाई दीं, जिसके बाद आग ने तेजी से आसपास के सामान को अपनी चपेट में ले लिया।
आग की लपटें देखकर आसपास के लोगों ने शोर मचाकर परिवार के सदस्यों को सतर्क किया। स्थानीय लोगों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया और दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही टाटा स्टील फायर सर्विस की दो दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।
करीब दो घंटे तक चले राहत एवं बचाव अभियान के बाद दमकलकर्मियों ने आग पर पूरी तरह काबू पाया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग काफी तेजी से फैल रही थी, लेकिन समय रहते दमकल विभाग के पहुंचने से बड़ा हादसा टल गया।
इस हादसे में टीवी, फर्नीचर, खिड़कियां और अन्य घरेलू सामान पूरी तरह जलकर राख हो गए। पुलिस और दमकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल प्राथमिक जांच में पूजा के दौरान जलाए गए दीपक से आग लगने की संभावना जताई जा रही है।
घटना के बाद इलाके में देर रात तक लोगों की भीड़ जुटी रही। हालांकि सभी परिवारजन सुरक्षित हैं, लेकिन आगजनी से हुए भारी नुकसान ने परिवार को झकझोर कर रख दिया है। प्रशासन मामले की जांच में जुटा है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
Jamshedpur Breaking: सोनारी के कुंजनगर में चौथी मंजिल पर लगी भीषण आग, लाखों की संपत्ति जलकर राख



