जमशेदपुर: शहर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित टीएमएच गोलचक्कर के पास सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की जान चली गई। हादसे में जुगसलाई पीबी रोड निवासी मो. हुसाम अख्तर की दमकल वाहन की चपेट में आने से गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मो. हुसाम अख्तर अपनी बाइक से यूनाइटेड क्लब की ओर जा रहे थे। इसी दौरान टीएमएच गोलचक्कर के पास उनकी बाइक टाटा स्टील के एक दमकल वाहन से टकरा गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर काफी जोरदार थी, जिससे युवक सड़क पर गिर गया और वाहन के चक्के के नीचे आ गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायल युवक को टेंपो के माध्यम से टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसे बचाया नहीं जा सका।
हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन अस्पताल पहुंचे। युवक की मौत की खबर सुनते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
मामले की जानकारी मिलने पर बिष्टुपुर थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी आलोक कुमार दुबे ने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हुई है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दमकल वाहन बिष्टुपुर की ओर जा रहा था जबकि बाइक सवार युवक यूनाइटेड क्लब की दिशा में बढ़ रहा था। गोलचक्कर के पास दोनों वाहनों के आमने-सामने आने से यह हादसा हुआ। फिलहाल पुलिस आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी करने में जुटी हुई है। शहर के व्यस्ततम मार्गों में शामिल टीएमएच गोलचक्कर पर हुई इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Jamshedpur Accident News : टीएमएच गोलचक्कर पर दर्दनाक हादसा: दमकल वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत



