JHARKHAND

Ranchi News : NEET UG पेपर लीक और CBSE मूल्यांकन विवाद पर युवा कांग्रेस का प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

रांची: NEET UG पेपर लीक मामले और CBSE की ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) प्रणाली में कथित अनियमितताओं को लेकर बुधवार को रांची में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और संबंधित एजेंसियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की।

राजधानी रांची में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि देश में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों और परीक्षा प्रणाली में गड़बड़ियों ने छात्रों के भविष्य को संकट में डाल दिया है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता पर लगातार सवाल उठ रहे हैं, जिससे लाखों छात्रों और अभिभावकों में चिंता बढ़ी है।

प्रदर्शन को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस बल की विशेष तैनाती की गई थी। सुरक्षा व्यवस्था के बीच प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में जवानों को तैनात किया गया था।

इस मौके पर युवा कांग्रेस अध्यक्ष गौरव सिंह ने केंद्र सरकार पर छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “पिछले कुछ वर्षों में बार-बार पेपर लीक और परीक्षाओं के दोबारा आयोजन की घटनाओं ने लाखों छात्रों को मानसिक तनाव में डाल दिया है। सरकार को इस मुद्दे पर जवाबदेही तय करनी चाहिए और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करनी चाहिए।”

युवा कांग्रेस ने मांग की कि परीक्षा प्रणाली में सुधार के लिए ठोस कदम उठाए जाएं और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि छात्रों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET LATEST NEWS DELIVERED DAILY!

Subscribe now and stay updated with the latest news from Jharkhand.