JAMSHEDPUR

Jamshedpur News: दो साल बाद भी सड़क निर्माण शुरू नहीं होने पर भड़के विधायक, 2 ठेकेदारों को डिबार करने की अनुशंसा

ग्रामीण कार्य विभाग की समीक्षा बैठक में संजीव सरदार ने अधिकारियों को लगाई फटकार, लंबित सड़कों का री-टेंडर कर जल्द काम शुरू कराने के निर्देश

जमशेदपुर: पोटका विधानसभा क्षेत्र में वर्षों से लंबित सड़क निर्माण योजनाओं को लेकर पोटका विधायक संजीव सरदार ने ग्रामीण कार्य विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। जमशेदपुर परिसदन में हुई बैठक में कई सड़क योजनाओं का काम टेंडर होने के बावजूद शुरू नहीं होने और कुछ योजनाओं में आधा-अधूरा काम छोड़ दिए जाने पर विधायक ने कड़ी नाराजगी जताई।

विधायक ने अधिकारियों से सवाल किया कि टेंडर होने के दो साल बाद भी सड़क निर्माण क्यों शुरू नहीं हुआ? उन्होंने लापरवाह संवेदकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने और लंबित योजनाओं का री-टेंडर कराकर जल्द निर्माण शुरू कराने के निर्देश दिए।

नोटिस के बाद भी काम शुरू नहीं, सिरहा कंस्ट्रक्शन पर कार्रवाई

बैठक में अधिकारियों ने बताया कि सिरहा कंस्ट्रक्शन एंड डेवलपर्स प्रा. लि. को मुख्यमंत्री ग्राम सड़क सुदृढ़ीकरण योजना के तहत पोटका प्रखंड में सरमदा-सानग्राम, सादेडीह-पोरा, समाईडीह-खापरसाई और रोलाडीह-खापरसाई सड़कों के सुदृढ़ीकरण का काम 7 अगस्त 2025 को आवंटित किया गया था।

निर्धारित अवधि में काम शुरू नहीं होने पर विभाग की ओर से 6 जनवरी और 20 जनवरी 2026 को नोटिस जारी किए गए। इसके बावजूद कंपनी की ओर से काम शुरू नहीं किया गया और न ही संतोषजनक जवाब दिया गया। इसके बाद विभाग ने कंपनी को डिबार करने की अनुशंसा की है।

करोड़ों की सड़क योजना में भी आधा-अधूरा काम

करीब ₹11.14 करोड़ की लागत वाली हरिणा-बुनूडीह, L-113 से पोरा, L-89 से पोरसा, पिछली-बांधडीह, रागुड़-कोपे, पूटूडोनी-सिदिरसाई और H.J. रोड से बेदेजुरा तक सड़क सुदृढ़ीकरण योजना का काम भी सिरहा कंस्ट्रक्शन को दिया गया था।

विभाग के अनुसार, इन योजनाओं में कुछ हिस्सों में केवल वेट मिक्स मैकाडम का काम हुआ है, जबकि पुड़दुनी-सिदिरसाई सड़क पर सिर्फ गार्डवाल का निर्माण किया गया है। कई अन्य हिस्सों में अब तक काम शुरू नहीं हुआ है।

निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद विभाग की ओर से कई बार नोटिस जारी किए गए। काम में अपेक्षित प्रगति नहीं होने के कारण कंपनी के खिलाफ भी डिबार की कार्रवाई की अनुशंसा की गई है।

₹16.52 करोड़ की मरम्मत योजना भी लंबित

बैठक में ₹16.52 करोड़ की लागत वाली विशेष सड़क मरम्मत योजनाओं की भी समीक्षा की गई। इनमें हाता-जादूगोड़ा-भुजुडीह, दबंकी-गोबरागोड़ा-मानपुर, कुलडीहा-राखा माइंस रेलवे स्टेशन और शाहजोरी-सोनापास सड़क शामिल हैं।

इन योजनाओं का काम भी सिरहा कंस्ट्रक्शन को दिया गया था। विभाग के मुताबिक कुलडीहा मुख्य पथ से राखा माइंस रेलवे स्टेशन तक केवल चौड़ीकरण का काम किया गया, जबकि बाकी हिस्सों में निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ। कई नोटिस के बाद भी काम में सुधार नहीं होने पर कंपनी के खिलाफ डिबार की अनुशंसा की गई है।

मिथिला एचआर कंस्ट्रक्शन पर भी कार्रवाई की अनुशंसा

रेलवे स्टेशन-बाहरदोरी-चेंगरा और कुदादा-छोटा तलसा सड़क सुदृढ़ीकरण का काम मिथिला एचआर कंस्ट्रक्शन एंड डेवलपर्स प्रा. लि. को दिया गया था।

विभाग की ओर से 11 मार्च, 11 अप्रैल और 5 मई 2026 को नोटिस जारी किए जाने के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ। इसके बाद कंपनी को भी डिबार करने की अनुशंसा की गई है।

‘विकास कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं’

समीक्षा बैठक में विधायक संजीव सरदार ने कहा कि सड़क निर्माण जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं में लापरवाही किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन संवेदकों ने निर्धारित समय पर काम शुरू नहीं किया है, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

उन्होंने कहा कि सभी लंबित योजनाओं का अविलंब री-टेंडर कराया जाए और निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जाए। विधायक के मुताबिक सड़कें ग्रामीण विकास की रीढ़ हैं और लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

बैठक में कार्यपालक अभियंता नीरज कुमार मिश्र, सहायक अभियंता अमरजीत कुमार सिंह, पोटका के कनीय अभियंता विकास कुमार केशरी, जमशेदपुर सदर के कनीय अभियंता इंदु शेखर दुबे, बहरागोड़ा के कनीय अभियंता राजा हेम्ब्रम और घाटशिला के सहायक अभियंता रितेश कुमार सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

पोटका में तीन नई सड़कों का जल्द होगा भूमिपूजन

वहीं, पोटका विधानसभा क्षेत्र के लोगों के लिए बैठक से एक अच्छी खबर भी सामने आई है। मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत तीन महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण का भूमिपूजन जल्द होने की बात कही गई है।

इनमें:

– गंभीरकोचा से जोजोगोड़ा: 3.3 किलोमीटर, लागत ₹3.29 करोड़
– हल्दीपोखर चौक से मुस्लिम बस्ती होते हुए हेंसल सीमा: 2.1 किलोमीटर, लागत ₹1.22 करोड़
– दीगरसाईं से पोडसागोड़ा: 1.85 किलोमीटर, लागत ₹1.68 करोड़

विधायक संजीव सरदार ने कहा कि ‘विकसित पोटका’ उनका संकल्प है। उन्होंने कहा कि सड़क, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में योजनाबद्ध तरीके से काम किया जा रहा है और आने वाले दिनों में इन तीनों सड़कों का भूमिपूजन कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET LATEST NEWS DELIVERED DAILY!

Subscribe now and stay updated with the latest news from Jharkhand.