जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को स्कूली बच्चों को लेकर जा रही ऑटो अनियंत्रित होकर मुख्य सड़क पर पलट गई। हादसे में दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अनियंत्रित होकर मुख्य सड़क पर पलटी ऑटो
सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के आदर्श आरक्षी मध्य विद्यालय के पास शुक्रवार को स्कूली बच्चों को लेकर जा रही एक ऑटो अचानक अनियंत्रित होकर मुख्य सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
ऑटो में सवार दो बच्चे हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। ऑटो पलटने के बाद आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और उसमें फंसे बच्चों को बाहर निकाला।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल बच्चों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
चालक पर नशे में वाहन चलाने का आरोप
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने ऑटो चालक पर नशे में वाहन चलाने का आरोप लगाया। लोगों का दावा है कि ऑटो से गांजा पीने में इस्तेमाल होने वाली दो चिलम भी बरामद हुई हैं।
हालांकि, चालक ने वास्तव में नशे का सेवन किया था या नहीं, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है। इस संबंध में स्थिति पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ऑटो चालक से पूछताछ शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
Jamshedpur Accident News: सिदगोड़ा में स्कूली बच्चों से भरी ऑटो पलटी, दो बच्चे गंभीर घायल; चालक से पूछताछ



