CRIME

Dhanbad News: जामाडोबा में तड़के फायरिंग, युवक के सीने में लगी गोली; अवैध कारोबार की रंजिश की आशंका

धनबाद जिले के जामाडोबा इलाके में शुक्रवार तड़के हुई फायरिंग की घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई। जोड़ापोखर थाना क्षेत्र के डुमरी दो नंबर गली में बदमाशों ने खुलेआम गोलीबारी की, जिसमें रिक्की सिंह नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली उसके सीने में लगी है और उसकी हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में पुलिस की गतिविधियां तेज हो गई हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह करीब चार बजे अचानक गोली चलने की आवाज से पूरा इलाका कांप उठा। लोगों ने बताया कि बदमाशों ने दो राउंड फायरिंग की। इसी दौरान रिक्की सिंह गोली लगने से सड़क पर गिर पड़ा। आनन-फानन में स्थानीय लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने बेहतर उपचार के लिए दुर्गापुर रेफर कर दिया।

घायल युवक की पत्नी चंदा कौर ने हर्ष, गोपु और उनके साथियों पर हमला करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि अवैध लोहा कटिंग को लेकर पहले से विवाद चल रहा था और उसी रंजिश में यह हमला किया गया। उन्होंने बताया कि रिक्की सिंह सुबह घर से बाहर निकले थे, तभी आरोपियों ने उन पर फायरिंग कर दी।

घटना की सूचना मिलते ही जोड़ापोखर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से गोली का खोखा और रोपवे का कटा हुआ तार बरामद किया है। सिंदरी एसडीपीओ प्रकाश चंद्र महतो ने कहा कि पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। आसपास लगे CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

पुलिस का मानना है कि मामला अवैध लोहा कारोबार, चोरी और इलाके में वर्चस्व की लड़ाई से जुड़ा हो सकता है। फिलहाल पूरे इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। इस घटना ने जामाडोबा में सक्रिय अवैध कारोबार और बढ़ते अपराध को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET LATEST NEWS DELIVERED DAILY!

Subscribe now and stay updated with the latest news from Jharkhand.