CRIME

Jamshedpur Crime News: बिस्किट-चॉकलेट की गुमटी में चल रहा था गांजा और नशीली सिरप का धंधा, 2.060 किलो गांजा के साथ आरोपी गिरफ्तार

MGM थाना पुलिस की बालीगुमा में बड़ी कार्रवाई, 7 बोतल कोडीन सिरप, ₹3,320 नकद, डिजिटल वजन मशीन और 11 चिलम बरामद

जमशेदपुर: शहर में नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री के खिलाफ जमशेदपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। MGM थाना पुलिस ने बालीगुमा स्थित NH-33 के किनारे एक गुमटी में छापेमारी कर 2 किलो 60 ग्राम गांजा और कोडीन युक्त प्रतिबंधित नशीली सिरप की 7 बोतलें बरामद की हैं। पुलिस ने मौके से नितेश कुमार झा उर्फ राजू झा (34 वर्ष) को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी बाहर से गुमटी में बिस्किट और चॉकलेट बेचता था, लेकिन इसी की आड़ में कथित तौर पर गांजा और प्रतिबंधित नशीली सिरप की बिक्री की जा रही थी।

सूचना के बाद पुलिस ने की छापेमारी

ग्रामीण एसपी शुभम खंडवाल के मुताबिक, 8 अगस्त को पुलिस को सूचना मिली थी कि बालीगुमा में Kia कार शोरूम के पास स्थित एक गुमटी से नशीले पदार्थों की बिक्री की जा रही है।

सूचना मिलने के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक, जमशेदपुर के निर्देश पर कार्रवाई की रणनीति तैयार की गई। पटमदा डीएसपी दयानंद कुमार के नेतृत्व में MGM थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक सचिन कुमार दास और अन्य पुलिसकर्मियों की टीम गठित की गई।

टीम ने गुमटी में छापेमारी कर तलाशी ली, जहां अलग-अलग पैकेट में रखा गांजा बरामद हुआ।

2.060 किलो गांजा समेत कई सामान जब्त

पुलिस के मुताबिक, छापेमारी के दौरान कुल 2.060 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। इसमें करीब 790 ग्राम गांजा छोटी-छोटी पुड़ियों में रखा हुआ था, जबकि 1.270 किलोग्राम गांजा हरे रंग की पॉलिथीन में मिला।

इसके अलावा पुलिस ने ONEREX Codeine Phosphate Syrup की 100 ML वाली 7 बोतलें, गांजा बिक्री से प्राप्त बताए जा रहे ₹3,320 नकद, एक डिजिटल इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन, 11 मिट्टी के चिलम और एक Redmi स्मार्टफोन भी जब्त किया।

पूछताछ में सामने आया अन्य लोगों से कनेक्शन

पुलिस ने बरामद सभी सामान को जब्त करने के बाद गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ शुरू की। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर कुछ अन्य लोगों के साथ मिलकर गांजा की अवैध बिक्री का कारोबार चलाने की जानकारी दी है।

पुलिस अब इस कथित नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET LATEST NEWS DELIVERED DAILY!

Subscribe now and stay updated with the latest news from Jharkhand.