CRIME

Ranchi Crime News: रांची में साइबर ठगी गैंग का खुलासा, अपार्टमेंट से 5 आरोपी गिरफ्तार

झारखंड की राजधानी रांची में लगातार बढ़ रहे साइबर क्राइम के बीच पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। गोंदा थाना क्षेत्र स्थित चांदनी चौक के रॉक व्यू अपार्टमेंट में चल रहे कथित साइबर ठगी गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान पांच युवकों को गिरफ्तार किया गया, जबकि मौके से बड़ी मात्रा में बैंकिंग दस्तावेज, मोबाइल फोन और अन्य संदिग्ध सामान बरामद किए गए हैं।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अपार्टमेंट के एक फ्लैट में संगठित तरीके से साइबर फ्रॉड का नेटवर्क ऑपरेट किया जा रहा है। इसके बाद वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने छापेमारी कर काजल कुमार मंडल, आनंद कुमार, विक्की कुमार, शाकिब अंसारी और आर्यन कुमार को हिरासत में लिया।

तलाशी के दौरान पुलिस ने 50 बैंक पासबुक, 26 डेबिट कार्ड, 8 चेकबुक, 13 मोबाइल फोन और 3 आधार कार्ड जब्त किए। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ कि गिरोह फर्जी दस्तावेजों की मदद से बैंक खाते खुलवाता था और उन्हीं खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी के पैसों के ट्रांजैक्शन में किया जाता था।

पूछताछ में “निखिल भैया” नाम के व्यक्ति का भी नाम सामने आया है। आरोपियों ने बताया कि उसी ने फ्लैट की व्यवस्था कर उन्हें साइबर ठगी के तरीके सिखाए थे। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।

रांची पुलिस के अनुसार जब्त मोबाइल और दस्तावेजों की डिजिटल जांच जारी है। अधिकारियों का मानना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में कई और बड़े खुलासे हो सकते हैं। राजधानी में बढ़ते साइबर अपराध के बीच यह कार्रवाई पुलिस के लिए बड़ी सफलता मानी जा रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET LATEST NEWS DELIVERED DAILY!

Subscribe now and stay updated with the latest news from Jharkhand.