बिहार के समस्तीपुर जिले में गुरुवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। तेज हवा के कारण नाव पलटने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और प्रशासन ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया।
यह घटना समस्तीपुर के मोहिउद्दीननगर प्रखंड स्थित सुल्तानपुर दियारा इलाके में सुबह करीब 5:30 बजे हुई। जानकारी के मुताबिक, लोग नाव से परवल की खेती वाले क्षेत्र में गए थे और फसल लेकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज हवा चली और नाव संतुलन खो बैठी। देखते ही देखते नाव गंगा नदी में पलट गई।
स्थानीय लोगों ने तुरंत प्रशासन को सूचना दी, जिसके बाद बारह और समस्तीपुर प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों को भी राहत एवं बचाव कार्य में लगाया गया है। अधिकारियों के अनुसार नाव पर नाविक समेत करीब 10 लोग सवार थे।
समस्तीपुर के जिलाधिकारी त्यागराजन ने बताया, “हादसे के तुरंत बाद दोनों जिलों की टीमों को अलर्ट किया गया। अब तक दो शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि पांच लोगों की तलाश जारी है। रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार चल रहा है।”
घटना के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन ने इलाके के लोगों से नदी किनारे भीड़ नहीं लगाने की अपील की है ताकि बचाव कार्य में किसी तरह की बाधा न आए।
फिलहाल पूरे इलाके में डर और चिंता का माहौल है। प्रशासन का कहना है कि लापता लोगों की तलाश तब तक जारी रहेगी, जब तक सभी को सुरक्षित बाहर नहीं निकाल लिया जाता।
Boat Tragedy Bihar: समस्तीपुर में नाव पलटी, 2 लोगों की मौत, 5 लापता



