JAMSHEDPUR

CHAKULIA NEWS : चाकुलिया वन क्षेत्र में हाथियों का कहर: सब्जी विक्रेता पर हमला, गंभीर हालत में झाड़ग्राम रेफर

पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया वन क्षेत्र में हाथियों के झुंड का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। सोमवार देर रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जब बड़ामारा गांव के पास हाथियों के हमले में एक बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल व्यक्ति की पहचान बहरागोड़ा प्रखंड के धाधिका गांव निवासी नीलकंठ नायक (45) के रूप में हुई है, जो पेशे से सब्जी विक्रेता हैं।

जानकारी के अनुसार, नीलकंठ नायक चाकुलिया के जोड़ाम हाट से सब्जी बेचकर देर रात बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बड़ामारा गांव के पास अचानक सड़क पर हाथियों का झुंड सामने आ गया। स्थिति को देखते हुए उन्होंने बाइक छोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन हाथियों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया।

भागने के दौरान एक हाथी ने उन्हें खेत में घेर लिया और हमला कर दिया। हमले में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जाता है कि हाथी ने उनके सीने पर पैर भी रख दिया, जिससे उनकी हालत और गंभीर हो गई। किसी तरह जान बचाकर वे मौके से बाहर निकले।

स्थानीय लोगों की मदद से घायल को चाकुलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें झाड़ग्राम रेफर कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। इसके बाद स्थानीय विधायक को जानकारी दी गई, जो मौके पर पहुंचे और अपने वाहन से घायल को अस्पताल भिजवाया। वन विभाग की टीम भी अस्पताल पहुंची और स्थिति की जानकारी ली।

इधर, बड़ामारा क्षेत्र में करीब सात हाथियों का झुंड लगातार सक्रिय बताया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। शाम होते ही लोग घरों में रहने को मजबूर हैं और रात में आवागमन लगभग ठप हो गया है। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों की निगरानी बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET LATEST NEWS DELIVERED DAILY!

Subscribe now and stay updated with the latest news from Jharkhand.