नई दिल्ली: भारत में ईंधन की कीमतों में एक बार फिर बड़ा उछाल देखने को मिला है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और मध्य पूर्व में जारी तनाव का सीधा असर अब घरेलू बाजार पर पड़ रहा है। पेट्रोल और डीजल के बाद अब सीएनजी के दामों में भी तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
मंगलवार से राजधानी दिल्ली में सीएनजी के दाम 2 रुपये प्रति किलो बढ़कर 83.09 रुपये प्रति किलो हो गए हैं। पहले इसकी कीमत 81.09 रुपये प्रति किलो थी। नई दरों के लागू होने के बाद वाहन चालकों पर अतिरिक्त बोझ बढ़ गया है।
पिछले 11 दिनों में यह चौथी बार है जब सीएनजी की कीमतों में इजाफा हुआ है। 15 मई को 2 रुपये, 18 मई को 1 रुपये, 23 मई को 1 रुपये और अब 26 मई को फिर 2 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी की गई है। इस तरह कुल मिलाकर सीएनजी लगभग 6 रुपये प्रति किलो महंगी हो चुकी है। लगातार बढ़ते दामों ने ऑटो, टैक्सी और निजी वाहन चालकों की चिंता बढ़ा दी है।
इसी बीच पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भी उछाल जारी है। तेल कंपनियों ने हाल ही में पेट्रोल में 2.61 रुपये प्रति लीटर और डीजल में 2.71 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। इसके बाद दिल्ली में पेट्रोल 102.12 रुपये प्रति लीटर और डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गया है।
दिल्ली के अलावा नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में भी सीएनजी की कीमतें बढ़कर 88.70 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई हैं। वहीं मुंबई में भी सीएनजी 84 रुपये प्रति किलो के स्तर पर बिक रही है।
विशेषज्ञों का कहना है कि मध्य पूर्व में जारी संघर्ष और होर्मुज जलडमरूमध्य में बढ़ते तनाव के कारण वैश्विक तेल आपूर्ति प्रभावित हुई है। भारत अपनी ऊर्जा जरूरतों के लिए बड़े पैमाने पर आयात पर निर्भर है, इसलिए अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों का सीधा असर देश में दिख रहा है।
लगातार बढ़ती ईंधन कीमतों ने आम जनता का बजट बिगाड़ दिया है। परिवहन लागत बढ़ने से आने वाले दिनों में किराए और रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों में भी बढ़ोतरी की आशंका जताई जा रही है, जिससे महंगाई और बढ़ सकती है।
CNG PRICE HIGH : भारत में ₹83.09/किलो का झटका! दिल्ली में CNG के दाम पहुंचे ₹83.09, लगातार बढ़ती ईंधन कीमतों से हाहाकार



