EDUCATIONAL

CUET UG 2026: तकनीकी गड़बड़ी से कुछ परीक्षा केंद्रों पर देर से शुरू हुई परीक्षा, NTA ने बदला टाइमिंग

नई दिल्ली: देशभर में आयोजित हो रही CUET-UG 2026 परीक्षा के दौरान शनिवार को कुछ परीक्षा केंद्रों पर तकनीकी गड़बड़ी के कारण अभ्यर्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने बताया कि तकनीकी समस्या की वजह से कुछ केंद्रों पर परीक्षा निर्धारित समय पर शुरू नहीं हो सकी। हालांकि एजेंसी ने दावा किया कि समस्या को जल्द ही दूर कर लिया गया और प्रभावित छात्रों को पूरा परीक्षा समय दिया जाएगा।

NTA के अनुसार, परीक्षा संचालन से जुड़ी तकनीकी दिक्कत उसके टेक्नोलॉजी पार्टनर TCS की ओर से सामने आई थी। इसके कारण कुछ केंद्रों पर परीक्षा शुरू होने में देरी हुई। स्थिति को संभालने के लिए एजेंसी ने तुरंत संशोधित शेड्यूल जारी किया और छात्रों को किसी भी प्रकार के नुकसान से बचाने का आश्वासन दिया।

जारी नोटिस के मुताबिक, 30 मई की दोपहर वाली शिफ्ट के लिए उम्मीदवारों को दोपहर 2:30 बजे से प्रवेश दिया गया, जबकि परीक्षा का समय बदलकर शाम 4 बजे कर दिया गया। पहले यह परीक्षा दोपहर 3 बजे शुरू होनी थी। वहीं सुबह की शिफ्ट में शामिल छात्रों को पूरा निर्धारित समय देने की व्यवस्था की गई।

NTA ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि तकनीकी समस्या पूरी तरह से सुलझा ली गई है और परीक्षा अब सुचारु रूप से संचालित की जा रही है। एजेंसी ने छात्रों और अभिभावकों को हुई असुविधा पर खेद भी जताया।

देशभर के लाखों छात्र CUET-UG 2026 में शामिल हो रहे हैं, जो केंद्रीय विश्वविद्यालयों और अन्य उच्च शिक्षण संस्थानों में प्रवेश का प्रमुख माध्यम है। ऐसे में परीक्षा के दौरान आई यह तकनीकी बाधा चर्चा का विषय बन गई है। फिलहाल NTA का कहना है कि सभी प्रभावित अभ्यर्थियों को पूरा अवसर दिया जाएगा और परीक्षा प्रक्रिया को निष्पक्ष बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET LATEST NEWS DELIVERED DAILY!

Subscribe now and stay updated with the latest news from Jharkhand.