जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित जुबली पार्क के सामने गोलचक्कर के पास बुधवार सुबह करीब 9 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार दो कारों के बीच हुई जोरदार टक्कर से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसा इतना भयावह था कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। सुबह के व्यस्त समय में हुई इस घटना के बाद सड़क पर लंबा जाम भी लग गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के बाद एक कार करीब 500 मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई। लोगों ने बताया कि आवाज इतनी तेज थी कि आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके की ओर दौड़ पड़े। दुर्घटना में शामिल दोनों कारों के एयरबैग खुल गए, जिसकी वजह से बड़ा हादसा टल गया और कार सवार लोगों की जान बच गई। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया और घायलों को कार से बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार, दुर्घटना में एक Kia कार और दूसरी Maruti Suzuki Brezza शामिल थी। दोनों वाहनों में सवार कई लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। फिलहाल किसी की स्थिति गंभीर नहीं बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और आसपास लगे CCTV फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार को दुर्घटना की बड़ी वजह माना जा रहा है।
जमशेदपुर में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों ने एक बार फिर ट्रैफिक सुरक्षा और तेज रफ्तार पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने लोगों से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने और ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील की है।
Jamshedpur Accident : जुबली पार्क गोलचक्कर पर भीषण सड़क हादसा, दो कारों की जोरदार टक्कर में कई घायल



