JAMSHEDPUR

Jamshedpur Crime News: उलीडीह में झाड़ियों से मिला युवक का शव, धारदार हथियार से हत्या की आशंका

जमशेदपुर: शहर के उलीडीह थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। आदिवासी क्लब के समीप झाड़ियों के बीच शव मिलने की सूचना मिलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है।

मृतक की पहचान शकसाई रोड नंबर-2 निवासी 24 वर्षीय विकास सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार शव पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं। खासकर सिर पर किसी धारदार हथियार से कई बार वार किए जाने के संकेत मिले हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है, जहां रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आएगी।

परिजनों ने बताया कि विकास शनिवार रात अपने भगिने से मिलने उलीडीह गया था। वहां से लौटने की बात कहकर वह निकला, लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंचा। परिवार ने उससे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसका मोबाइल फोन बंद मिला। इसके बाद पूरी रात उसकी तलाश जारी रही।

रविवार सुबह उलीडीह में रहने वाली एक युवती ने परिजनों को फोन कर आदिवासी क्लब के पास एक युवक का शव पड़े होने की सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिवार के लोगों ने शव की पहचान विकास सिंह के रूप में की। पहचान होते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

मृतक के भाई ने आशंका जताई है कि हत्या के पीछे क्षेत्र में सक्रिय नशेड़ी या असामाजिक तत्वों का हाथ हो सकता है। वहीं पुलिस का कहना है कि अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

फिलहाल पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी जांच के बाद हत्या की वजह और आरोपियों के बारे में अहम जानकारी सामने आने की उम्मीद है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET LATEST NEWS DELIVERED DAILY!

Subscribe now and stay updated with the latest news from Jharkhand.