INDIA

JAMSHEDPUR NEWS : जनता की समस्याओं पर एक्शन मोड में DC राजीव रंजन, जन शिकायत निवारण दिवस में अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

जमशेदपुर में मंगलवार को आयोजित जन शिकायत निवारण दिवस में जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याओं और मांगों को लेकर पहुंचे।

जन शिकायत निवारण दिवस के दौरान राशन कार्ड, बकाया राशि भुगतान, दुकान आवंटन, दिव्यांगता प्रमाण पत्र, बिजली एवं पानी के कटे हुए कनेक्शन को बहाल करने, चिकित्सीय सहायता, सार्वजनिक शौचालय की साफ-सफाई, आरटीई के तहत नामांकन, जन्म प्रमाण पत्र, छात्रवृत्ति, दिव्यांग पेंशन, शस्त्र लाइसेंस, नाली निर्माण, पारिवारिक विवाद और जमीन विवाद सहित कई मामलों से जुड़े आवेदन उपायुक्त को सौंपे गए।

इसके अलावा नागरिकों ने सामाजिक और जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण ज्ञापन भी उपायुक्त के समक्ष रखे। कार्यक्रम के दौरान कुछ मामलों का समाधान मौके पर ही कर दिया गया, जबकि अन्य मामलों को संबंधित विभागों को भेजते हुए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा कि आम जनता की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि जन शिकायत निवारण दिवस का मुख्य उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी विभाग संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ प्राप्त आवेदनों पर कार्रवाई करें और लंबित मामलों का जल्द से जल्द निष्पादन सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता जनता को बेहतर सेवा उपलब्ध कराना है और लोगों की समस्याओं का समाधान तय समय सीमा के भीतर होना चाहिए। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतों के निष्पादन में देरी न हो तथा प्रत्येक मामले की नियमित मॉनिटरिंग की जाए।

जन शिकायत निवारण दिवस में पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याओं को सीधे उपायुक्त के समक्ष रखने का अवसर मिलने पर संतोष व्यक्त किया और प्रशासन की इस पहल की सराहना की।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET LATEST NEWS DELIVERED DAILY!

Subscribe now and stay updated with the latest news from Jharkhand.