
जमशेदपुर के कदमा स्थित Blinkit स्टोर में सोमवार को डिलीवरी बॉयज़ ने हड़ताल कर विरोध प्रदर्शन किया। डिलीवरी पार्टनर्स का आरोप है कि बिना किसी पूर्व सूचना और तय समय सीमा के उनकी आईडी अचानक “Document QC Failed” कारण दिखाकर ऑन होल्ड कर दी गई। इससे कई डिलीवरी कर्मियों का काम बंद हो गया और उनके सामने रोज़गार का संकट खड़ा हो गया है।
प्रदर्शन कर रहे डिलीवरी बॉयज़ का कहना है कि पिछले कुछ समय से प्रति ऑर्डर मिलने वाला भुगतान लगातार कम किया जा रहा है। उनका आरोप है कि जब भी डिलीवरी पार्टनर्स कम भुगतान और काम की समस्याओं को लेकर आवाज उठाते हैं, तब उनकी आईडी होल्ड कर दी जाती है या उन्हें दूसरे स्टोर में ट्रांसफर किया जाता है। डिलीवरी कर्मियों ने कहा कि कई लोगों का घर इसी कमाई से चलता है, ऐसे में अचानक आईडी बंद होने से परिवार पर सीधा असर पड़ रहा है।
वहीं दूसरी ओर, स्टोर प्रबंधन की ओर से कुछ डिलीवरी बॉयज़ को अनियमित बताया गया है। बताया जा रहा है कि स्टोर के कामकाज पर असर न पड़े, इसलिए नए लड़कों की भर्ती की जा रही है। हालांकि डिलीवरी बॉयज़ का आरोप है कि पुराने कर्मियों को हटाकर नए लोगों को रखा जा रहा है, जिससे कर्मचारियों में नाराज़गी बढ़ गई है। फिलहाल मामले को लेकर दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है।



