DEOGHAR

Pm Awas Yojna : मोहरदा पीएम आवास योजना का उपायुक्त ने किया निरीक्षण, 644 लाभुकों को जल्द मिलेगा नया घर

जमशेदपुर के मोहरदा स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) परियोजना का जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों और कार्य एजेंसी को निर्माण कार्य में तेजी लाने और लाभुकों को समय पर सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने साफ कहा कि लाभुकों को सुरक्षित, बेहतर और सुविधायुक्त आवास उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने निर्माण स्थल पर पेयजल, बिजली, सड़क, नाली और साफ-सफाई जैसी बेसिक सुविधाओं को जल्द पूरा करने पर जोर दिया। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

अधिकारियों ने उपायुक्त को जानकारी दी कि परियोजना के ब्लॉक-8 और ब्लॉक-23 का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। इन दोनों ब्लॉकों में कुल 644 लाभुकों को शिफ्ट किया जाना है। उपायुक्त राजीव रंजन ने शिफ्टिंग प्रक्रिया को चरणबद्ध और व्यवस्थित तरीके से पूरा करने का निर्देश देते हुए कहा कि लाभुकों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर कार्य करने पर भी जोर दिया। साथ ही निर्माण कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने और परिसर में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने कहा कि सभी सुविधाओं की लगातार मॉनिटरिंग की जाए ताकि लाभुकों को बेहतर माहौल मिल सके।

जमशेदपुर में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत चल रही यह परियोजना शहरी गरीबों के लिए बड़ी राहत मानी जा रही है। प्रशासन का लक्ष्य है कि सभी लाभुकों को जल्द से जल्द सुरक्षित और आधुनिक सुविधाओं से युक्त आवास उपलब्ध कराया जाए, जिससे उनका जीवन स्तर बेहतर हो सके।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET LATEST NEWS DELIVERED DAILY!

Subscribe now and stay updated with the latest news from Jharkhand.