JAMSHEDPUR

Jamshedpur News : कपाली हत्याकांड का खुलासा: युवक की चापड़ से निर्मम हत्या, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

सरायकेला-खरसावां: कपाली ओपी क्षेत्र के डोंगाघाट, पुडिसिलि के पास मिले युवक के शव मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। करीब दो सप्ताह तक चली जांच के बाद पुलिस ने हत्या के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की पहचान परसुडीह के किताडीह निवासी 21 वर्षीय मो. तौसीफ उर्फ राज के रूप में हुई थी, जिसकी बेहद बेरहमी से हत्या कर शव को सुनसान इलाके में फेंक दिया गया था।

पुलिस के अनुसार 15 मई 2026 को डोंगाघाट इलाके से युवक का शव बरामद हुआ था। मामले की गंभीरता को देखते हुए सरायकेला-खरसावां पुलिस अधीक्षक निधि विवेदी के निर्देश पर एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया था। लगातार तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर की गई जांच के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिले।

गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने अहमद जमील अंसारी को गिरफ्तार किया। आरोपी वर्तमान में जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित धतकीडीह में रह रहा था, जबकि उसका स्थायी निवास बिहार के सीवान जिले में है। पूछताछ के दौरान उसने हत्या में अपनी भूमिका स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया चापड़ भी बरामद कर लिया गया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जांच में साबीर अली उर्फ सोनू उर्फ सन्नू बच्चा की संलिप्तता भी सामने आई है। वह फिलहाल एक अन्य मामले में जेल में बंद है। पुलिस उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी ताकि हत्या के पीछे की पूरी साजिश और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका का खुलासा हो सके।

एसपी कार्यालय की ओर से बताया गया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। इस पूरे ऑपरेशन में कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार, अनुसंधानकर्ता हसनैन अंसारी, रंजीत कुमार सिंह और रिजर्व गार्ड की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी और हत्या में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी को पुलिस बड़ी सफलता मान रही है। आने वाले दिनों में रिमांड पूछताछ के बाद इस सनसनीखेज हत्याकांड से जुड़े और भी अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET LATEST NEWS DELIVERED DAILY!

Subscribe now and stay updated with the latest news from Jharkhand.