JHARKHAND

Seraikela News: जनता दरबार में गूंजे सड़क, पुलिया और अतिक्रमण के मुद्दे, DC ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

सरायकेला समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में शुक्रवार को आयोजित साप्ताहिक जनता दरबार में जिलेभर से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं प्रशासन के सामने रखीं। उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुए इस कार्यक्रम में सड़क, पुलिया, अतिक्रमण, भवन मरम्मत और भूमि विवाद से जुड़े कई अहम मामले उठाए गए। उपायुक्त ने संबंधित विभागों को सभी मामलों के शीघ्र और समयबद्ध निष्पादन के निर्देश दिए।

जनता दरबार में राजनगर प्रखंड के टिटिडीह, छोटाखीरी, बाना और गैंगरुली गांवों को जोड़ने वाली जर्जर पीसीसी सड़क की मरम्मत की मांग प्रमुख रूप से उठी। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क की हालत खराब होने से आवागमन में काफी परेशानी हो रही है। वहीं उच्च विद्यालय एदल में चहारदीवारी निर्माण और खैरकोचा पुलिया निर्माण कार्य में तेजी लाने की भी मांग प्रशासन के समक्ष रखी गई।

इसके अलावा दिवंगत सैनिक के आश्रित को भूमि बंदोबस्ती आदेश जारी करने, चौकीदार बहाली प्रक्रिया में तेजी लाने और लाल बिल्डिंग चौक के पास सर्विस रोड पर अतिक्रमण व जाम की समस्या दूर करने से जुड़े आवेदन भी पहुंचे। गम्हरिया-कांड्रा बाजार भवन की मरम्मत और सार्वजनिक तालाब की सफाई की मांग को लेकर भी लोगों ने प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया।

जनता दरबार में जगनाथपुर-बलरामपुर सड़क निर्माण और आदित्यपुर फुटबॉल मैदान स्थित रेड क्रॉस भवन से संबंधित आपत्ति जैसे मुद्दे भी सामने आए। उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने कहा कि कई मामलों का समाधान मौके पर ही कर दिया गया है, जबकि शेष मामलों को जांच और आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि आम जनता की शिकायतों का निष्पादन संवेदनशीलता, पारदर्शिता और तय समय सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए। प्रशासन की इस पहल से लोगों को अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों तक पहुंचाने का अवसर मिला, जिससे स्थानीय स्तर पर समाधान की उम्मीद भी बढ़ी है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET LATEST NEWS DELIVERED DAILY!

Subscribe now and stay updated with the latest news from Jharkhand.