RANCHI

Jamshedpur News: डोबो पुल से नदी में कूदने जा रही युवती को युवकों ने बचाया, समय रहते टला बड़ा हादसा

जमशेदपुर: सोनारी स्थित डोबो पुल पर बुधवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवती ने नदी में कूदने का प्रयास किया। हालांकि मौके पर मौजूद कुछ युवकों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया। सूचना मिलने पर पुलिस भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और युवती को अपने संरक्षण में लेकर थाना ले गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब 10 बजे युवती पैदल डोबो पुल पर पहुंची थी। वह कुछ देर तक मोबाइल फोन पर किसी से बात करती रही। बातचीत समाप्त होने के बाद उसने अपना मोबाइल और बैग पुल पर रख दिया तथा रेलिंग की ओर बढ़ने लगी। उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर वहां मौजूद युवकों ने तुरंत उसे रोक लिया और पुलिस को सूचना दी।

मौके पर मौजूद एक युवक ने बताया कि युवती काफी परेशान नजर आ रही थी। जब उसने रेलिंग की ओर बढ़ने की कोशिश की तो लोगों को अनहोनी की आशंका हुई और तुरंत उसे सुरक्षित पकड़ लिया गया।

पुलिस पूछताछ में युवती ने बताया कि वह सोनारी क्षेत्र में किराये के मकान में रहती है। मकान खाली करने को लेकर उसका मकान मालिक से विवाद चल रहा है। युवती का आरोप है कि तय समय पर मकान खाली नहीं होने के कारण मकान मालिक ने उसके कमरे की बिजली और पानी की आपूर्ति बंद कर दी थी, जिससे वह मानसिक तनाव में थी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि युवती को समझाया गया है और उसके परिजनों से संपर्क किया गया है। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों ने भी युवकों की सूझबूझ और सतर्कता की सराहना की है, जिनकी वजह से एक संभावित हादसा टल गया। फिलहाल युवती सुरक्षित है और पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET LATEST NEWS DELIVERED DAILY!

Subscribe now and stay updated with the latest news from Jharkhand.