बिहार के बाढ़ स्थित उमानाथ धाम में हुए दर्दनाक नाव हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। गुरुवार को हुई इस घटना में अब तक पांच लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि दो अन्य लापता लोगों की तलाश लगातार जारी है। हादसे के बाद प्रशासन और एनडीआरएफ की टीम मौके पर राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, नाव पर कुल 14 लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि नाव किनारे पहुंचने ही वाली थी, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से नाव गंगा नदी में डूब गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से सात लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि सात लोग लापता हो गए थे।
घटना के बाद एनडीआरएफ की टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है। अब तक पांच शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि बाकी दो लोगों की तलाश जारी है। प्रशासन ने आशंका जताई है कि नदी के तेज बहाव के कारण राहत कार्य में कठिनाई हो रही है।
अंचलाधिकारी नरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि जिन लोगों के शव बरामद हुए हैं, उनके परिजनों को चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि का चेक सौंप दिया गया है। उन्होंने कहा कि बाकी लापता लोगों के शव मिलने के बाद उनके परिवारों को भी सरकारी सहायता प्रदान की जाएगी।
इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। परिजन रो-रोकर बेहाल हैं, वहीं स्थानीय लोग प्रशासन से नाव संचालन में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। फिलहाल प्रशासन की नजर राहत और बचाव अभियान को तेजी से पूरा करने पर बनी हुई है।
Bihar Breaking News : बाढ़ नाव हादसा! अब तक 5 शव बरामद, 2 की तलाश जारी; पीड़ित परिवारों को 4-4 लाख मुआवजा

